Thursday, October 22nd, 2026

IPL 2021: BCCI का बड़ा फैसला, टी-20 लीग में नहीं होगा सॉफ्ट सिग्नल का इस्तेमाल

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग के शुरू होने में अब सिर्फ कुछ ही दिन बाकी हैं और सभी टीमें इसकी तैयारी में भी लग चुकी हैं। हालांकि भारत और इंग्लैंड के बीच जारी वनडे सीरीज के चलते दोनों टीमों के खिलाड़ी अभी अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उधर बीसीसीआई ने हाल ही में एकदिवसीय सीरीज में सॉफ्ट सिग्नल के फैसले को लेकर हुए विवाद को देखते हुए बड़ा फैसला किया है।

बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से बताया है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल के नियमों के बदलाव करते हुए सॉफ्ट सिग्नल को हटा दिया है। इसके मुताबिक, 'आईपीएल के दौरान अब कोई भी मैदानी अंपायर थर्ड अंपायर से मदद लेते वक्त सॉफ्ट सिग्नल का इशारा नहीं करेगा।'

बीसीसीआई के सूत्रों के मुताबिक, 'यह फैसला अंपायरिंग हित में लिया गया जिससे थर्ड अंपायर को अपना फैसला देने में किसी भी तरह की अड़चन ना आए और नाहीं इसकी वजह से कोई विवाद हो।'

गौरतलब है कि भारत-इंग्लैंड के बीच हाल ही में संपन्न हुई टी-20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव के आउट को लेकर काफी विवाद हुआ था। इसमें सबूतों के अभाव के बावजूद मैदानी अंपायर के सॉफ्ट सिग्नल के इशारा को मानते हुए यादव को आउट दिया गया था। इसपर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी नाराजगी जताते हुए इसमें बदलाव की मांग की थी।

 

#IPL 2021

Source : Agency

पाठको की राय